शिवप्रताप शुक्ला महाशिवरात्रि के दिन यानि कल राज्यपाल पद की लेंगे शपथ
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन संस्कृत में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके लिए आज 17 फरवरी की शाम तक राजधानी शिमला पहुंच जाएंगे। राज्यपाल के एडीसी मेजर सौरभ सिंह ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर पहुंचकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जारी राज्यपाल पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री के मीडिया प्रभारी सतीश त्रिपाठी ने बताया कि आज शुक्रवार सुबह 11 बजे शिवप्रताप शुक्ल एडीसी के साथ हवाई यात्रा कर दिल्ली गए। वहां से शाम तक हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण शिवरात्रि के दिन शनिवार को राजभवन में होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ उनकी पत्नी जानकी शुक्ला भी जाएंगी। बेटियां डॉ. प्रीति त्रिपाठी, श्रुति पांडेय और नीति त्रिपाठी अपने परिवार के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अलग से जाएंगी।