Loading...

शॉर्ट सर्किट होने से पशुशाला में लगी आग, हजारों का नुकसान

PARUL • 23 May 2024 • 1 Min Read

HNN/सोलन

जिला सोलन के उपमंडल अर्की में दाउटी पंचायत में एक अग्निकांड का मामला पेश आया है। यहां दाती ब्राह्मणा गांव में एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड में पीड़ित संतराम को करीब 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतराम की पशुशाला में सुबह करीब 10 बजे अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पशुशाला में रखा घास व लकड़ी जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि पशुशाला में कोई भी पशु बंधा हुआ नहीं था। जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

आग लगने की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन तब तक पशुशाला जलकर राख हो चुकी थी। दाउटी पंचायत के उपप्रधान हीरा सिंह कौंडल ने बताया कि घटना के बारे में स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गई, जिसके बाद पटवारी ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार कर दी है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार की सहायता करने का आग्रह किया है।