Loading...

श्याम सरण नेगी के निधन पर सीएम ने जताया शोक, बोले- 34वीं बार दो दिन पहले ही डाला था वोट…

SAPNA THAKUR • 5 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता एवं किन्नौर से संबंध रखने वाले श्याम सरण नेगी का आज निधन हो गया। उनके निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा “श्याम सरण नेगी के निधन की खबर सुनकर दुःखी हूं। उन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए 34वीं बार बीते 2 नवंबर को ही विधानसभा चुनाव के लिए अपना पोस्टल वोट डाला, यह याद हमेशा भावुक करेगी।

ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें।” बता दें, पूरे देश के मार्गदर्शक एवं युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने वाले देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी का आज सुबह दो बजे निधन हो गया। उन्होंने इस दुनिया को छोड़ने से पहले ही अपनी अंतिम इच्छा मतदान करके पूरी की।

उन्हें एहसास हो गया था कि अब इस दुनिया को छोडकर जाना है तभी उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि दो नंवबर को घर से ही मतदान करेंगे। उनके निधन की जानकारी देते हुए उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी का निधन हुआ है जो पूरा देश और किन्नौर के लिए दुखद है।