Loading...

श्रीखंड महादेव यात्रा पर गए 50 वर्षीय श्रद्धालु की मौत

PARUL • 22 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/कुल्लू

श्रीखंड यात्रा के दौरान एक व्यक्ति की पैर फिसलने से गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनय वर्मा पुत्र स्वर्गीय श्याम सुंदर वर्मा गांव गुलाठी जिला बुलंदशहर यूपी के रूप में है। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि गुरुवार रात पुलिस को विनय के भाई ने फोन पर सूचित किया कि श्रीखंड यात्रा को गए थे।

जब वापस आ रहे थे तो श्रीखंड के समीप ग्लेशियर पर पैर फिसलने से विनय करीब ढाई सौ मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। जहां से स्थानीय लोगों की मदद से शव को निकाला गया। कैंप में लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आधिकारिक तौर पर अभी श्रीखंड यात्रा शुरू नहीं हुई है।

इस वर्ष श्रीखंड यात्रा के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति सहित तीन लोगों की यात्रा के दौरान मौत हो चुकी है। एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार से बेस कैंप सिंघगाड में पुलिस टीम तैनात की जा रही है ताकि कोई श्रद्धालु यात्रा पर न जा सके। एसपी खुशहाल शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।