Loading...

संजौली मस्जिद मामला : फैसला अक्टूबर तक लटक सकता है

NEHA • 19 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश के शिमला में संजौली मस्जिद में कथित अवैध निर्माण गिराने का फैसला अक्टूबर तक लटक सकता है। मस्जिद कमेटी ने खुद अवैध निर्माण गिराने के लिए आवेदन किया था, लेकिन नगर निगम इस पर कोई फैसला लेने की जल्दबाजी में नहीं है। नगर निगम की वास्तुकार शाखा के कनिष्ठ अभियंता ने अभी तक मौके पर जाकर अवैध निर्माण की पैमाइश नहीं की है।

पिछली सुनवाई में नगर निगम आयुक्त कोर्ट ने इस क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को ताजा स्टेट्स रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट से पता चलेगा कि मौके पर कुल कितना अवैध निर्माण हुआ है। इस मामले पर अगली सुनवाई पांच अक्टूबर को होनी है, जिसमें फैसला लिया जा सकता है। हिंदूवादी संगठन नगर निगम के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच, स्थानीय लोगों ने संजौली बाजार में कुछ तहबाजारियों को न उठाए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। नगर निगम और पुलिस विभाग इन तहबाजारियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। नगर निगम का कहना है कि जो तहबाजारी पंजीकृत नहीं हैं, उन सभी को हटाया जा रहा है।