संजौली में अवैध मस्जिद विवाद : शोएब जामाई का वीडियो वायरल से गरमाया देवभूमि का माहौल
HNN/शिमला
संजौली में अवैध मस्जिद निर्माण मामले में एक बार फिर से चिंगारी सुलग गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन दिल्ली के अध्यक्ष शोएब जामाई ने संजौली मस्जिद पहुंचकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वे कह रहे हैं कि मस्जिद वैध है या अवैध, यह कोर्ट तय करेगा। क्योंकि शिमला में और भी अवैध भवन बने हुए हैं, कानून सबके लिए एक समान होता है।
इस मामले को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि बाहरी राज्यों से लोग हिमाचल आकर माहौल बिगाड़ रहें हैं। अवैध निर्माण को अंजाम दे रहें हैं, जिसके खिलाफ हिंदू संगठनों ने आवाज उठाई है। बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले लोगों की पहचान होनी चाहिए और शांति बनाए रखने का कार्य सरकार का है।
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली अध्यक्ष शोएब जामाई के संजौली के कथित अवैध मस्जिद में जाकर वीडियो बनाने पर दो टूक कहा कि अगर वह हिमाचल आए हैं तो यहां पर आकर माहौल खराब करने की कोशिश न करें। जहां तक बात रही मस्जिद में अवैध निर्माण होने की तो वह मामला फिलहाल कोर्ट में है, लेकिन वहां पर जाकर वीडियो बनाना और सनसनी फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।