संजौली में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या, स्कूल गेट के पास वारदात से सनसनी
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दहशत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश तेज
हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला
राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में शनिवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक स्कूल के गेट के समीप हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
दिनदहाड़े हुई हत्या से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने महिला पर बेहद नजदीक से गोली चलाई। गोली लगते ही महिला मौके पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शिमला पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। मृतका की पहचान को लेकर पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है और स्थानीय स्तर पर भी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। स्कूल परिसर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की गतिविधियों और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
उधर, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारणों को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों तक पहुंचने के लिए व्यापक जांच जारी है। अधिकारियों ने दावा किया है कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न कोणों से जांच में जुटी हुई है।