संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ियों से बरामद हुआ 19 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ सोलन
जिला सोलन के अंतर्गत डमरोग गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद हुआ है। हालांकि युवक की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय पारस पुत्र प्रेम प्रकाश गांव थरोच तहसील चौपाल शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भिजवाया है।
जानकारी के मुताबिक, पारस का शव डमरोग गांव में सड़क के नीचे झाड़ियों में पड़ा हुआ था। जब वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उसका शव झाड़ियों में पड़ा हुआ देखा तो उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। बता दें मृतक सेना भर्ती की तैयारी के लिए सोलन में में रह रहा था। बताया जा रहा है कि युवक का कुछ अन्य युवकों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद युवक गायब था।
मामले की पुष्टि डीएसपी हेडक्वार्टर मंगत राम ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।