संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ युवक का शव, हाथ में मिली सिरिंज

By Ankita Published: 21 Aug 2023, 2:19 PM | Updated: 21 Aug 2023, 2:19 PM 1 min read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा के पालमपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला है। मृतक के एक हाथ में एक सिरिंज भी बरामद हुई है। हालाँकि युवक की मौत का असली कारण क्या है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

युवक की पहचान आकाश के रूप में की गई है जोकि विगत कई वर्षों से अपने परिवार के साथ पालमपुर में रह रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घुग्घर के संतोषी माता मंदिर चौक से कुछ दूरी पर एक टावर के पास युवक पड़ा हुआ था। जब किसी ने उसका शव वहां पड़ा हुआ देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतक के पिता का देहांत हो चुका है तथा माता और भाई सहित फड़ी लगाने का कार्य किया करता था।

शनिवार को ही वह बैजनाथ मेले में फड़ी लगाकर लौटा था।पुलिस ने बताया कि उसके भाई के अनुसार रात्रि लगभग साढ़े 10 बजे तक वह अपने घर में ही था तथा उसने भाई से शराब पीने के लिए कुछ धनराशि भी मांगी थी।

इसके बाद वह लापता हो गया तथा प्रात: उसका शव बरामद हुआ है। मृतक के एक हाथ में सिरिंज थी तथा पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी था तथा पहले भी नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने खबर की पुष्टि की है।