संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में सुजानपुर के अंतर्गत पंचायत जंगल खास में एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान राजकुमार (52) गांव जंगल खास डाकघर जंगल बेरी तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार पेंटर का काम करता था। मृतक की तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि उनका बेटा भारतीय सेना में तैनात है। पुलिस को सूचना मिली कि पंचायत जंगल खास में संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति मृत पाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मंडी से फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फ़िलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।