सड़क से लुढ़क कर खाई में गिरी कार, माता-पिता सहित बेटा जख्मी
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के सुजानपुर में छौंटा पैट्रोल पंप के पास एक कार करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में माता-पिता सहित बेटा जख्मी हुए है। घायलों की पहचान विकास राणा, उसके पिता रतन चंद राणा व माता संतोष कुमारी निवासी तहसील थुरल के तहत आने वाले गांव दमण लाहड़ के रूप में हुई है।
सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार दिया जा रहा है। वहीं पुलिस ने चालक विकास राणा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग कार में सवार होकर दिल्ली से दमण लाहड़ जा रहे थे। इस दौरान वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई और वह कार से नियंत्रण खो बैठा, जिस कारण कार खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों, पुलिस जवानों व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की सहायता से खाई में गिरी कार से तीनों को कड़ी मशक्कत के साथ क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाल कर सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद घायल हुए तीनों लोगों को सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रैफर किया गया। सुजानपुर थाना प्रभारी मस्त राम ने मामले की पुष्टि की है।