एशिया में बढ़ी भारत की धमक, वैश्विक नेतृत्व में मोदी का बढ़ा कद
जापान, रूस और ऑस्ट्रेलिया से आगे भारत, एशिया पावर इंडेक्स की उपलब्धि पर सांसद सुरेश कश्यप ने जताया गौरव
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
दुनिया के बदलते सामरिक और आर्थिक समीकरणों के बीच भारत ने एशिया में अपनी ताकत का एक बार फिर लोहा मनवाया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स-2026’ का हवाला देते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत एशिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बनकर उभरे हैं।सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, मजबूत विदेश नीति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल आर्थिक विकास के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामरिक ताकत, कूटनीतिक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के मोर्चे पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रहा है।
कश्यप के अनुसार, एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत ने 40.5 अंक हासिल कर तीसरा स्थान बरकरार रखा है। जापान, रूस और ऑस्ट्रेलिया जैसी शक्तियां भारत से पीछे हैं, जबकि पाकिस्तान इस सूची में 16वें स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में चौथे स्थान पर रहे भारत ने वर्ष 2024 में जापान को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया था। अब अमेरिका और चीन के बाद भारत इस सूचकांक में प्रमुख शक्ति की श्रेणी में शामिल एकमात्र देश है। भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर भी वर्ष 2018 के बाद सबसे कम हुआ है।सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व का प्रभाव भी तेजी से बढ़ा है।
वर्ष 2025 में पांचवें स्थान पर रहे प्रधानमंत्री मोदी इस बार तीन पायदान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। क्षेत्रीय नेतृत्व की इस सूची में उनसे आगे केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं।
सांसद ने कहा कि भारत का कूटनीतिक प्रभाव 70.3 अंकों तक पहुंचना अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा साझेदारी और ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात ने भारत की सामरिक स्थिति को और मजबूती प्रदान की है।
रक्षा नेटवर्क और आर्थिक संबंधों की रैंकिंग में भी भारत ने दो-दो स्थानों का सुधार किया है।लोवी इंस्टीट्यूट ने 27 देशों और क्षेत्रों का 131 संकेतकों के आधार पर आकलन किया है। रिपोर्ट में भारत की भविष्य की आर्थिक संभावनाओं को मजबूत बताया गया है, हालांकि वर्तमान सापेक्ष आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट का भी उल्लेख है।
कश्यप ने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और आधुनिक आधारभूत संरचना के विस्तार ने भारत की वैश्विक पहचान को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत को प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय बताया।

