Loading...

सरकारी अस्पतालों में अब केवल गुणवत्तायुक्त दवाएं, सीधे निर्माता कंपनियों से होगी खरीद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 19 Jan 2026 Edited 19 Jan Quick read

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब बेहतर और भरोसेमंद दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए प्रदेश सरकार दवा खरीद व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रही है।

शिमला

दवाओं की खरीद पर सख्ती, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तायुक्त दवाओं की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार लगभग 100 करोड़ रुपये की दवाओं की खरीद के लिए जल्द टेंडर जारी करेगी, जिसमें प्रतिष्ठित और प्रमाणित दवा निर्माता कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सीधे निर्माता कंपनियों से होगी दवा आपूर्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दवाएं बिचौलियों के बजाय सीधे दवा निर्माता कंपनियों से खरीदी जाएंगी, जिससे गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर ड्रग्स एक्ट में संशोधन के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को केवल मानक और सुरक्षित दवाएं ही उपलब्ध कराई जा सकें।

जन औषधि और सरकारी दुकानों के लिए भी नई व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देश दिए कि जन औषधि केंद्रों और अन्य सरकारी दवा दुकानों के लिए भी दवाइयां सीधे दवा कंपनियों से ही खरीदी जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन जन धन का उपयोग केवल जनहित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया जाएगा।