सरकार ने चंबा में डिनोटिफाई आठ स्कूलों को खाेलने के दिए आदेश
HNN/चंबा
जिला चंबा में सरकार ने स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारण कई स्कूलों को डिनोटिफाई कर दिया था। लेकिन अब सरकार ने डिनोटिफाई आठ सरकारी स्कूलों को दोबारा खोलने के निर्देश जारी किए हैं। इस विषय में उच्च शिक्षा विभाग के चंबा कार्यालय में पत्र पहुंच गया है। सरकार के आदेशों के बाद शिक्षा विभाग के अफसरों ने भी आगामी आदेश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि इस आठ स्कूलों में तीन सीनियर सेकेंडरी स्कूलों सहित पांच हाई स्कूलों के नाम शामिल हैं। विद्यार्थियों को अब पढ़ाई करने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों को नजदीक में ही शिक्षा हासिल करने की सुविधा मिलेगी।
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, राजकीय उच्च पाठशालाएं लडेर, झौड़ा, मंगली, मिंधल, बिहाली फिर से खोले जाएंगे। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरगंड, सरार और रान को भी दोबारा खोलने के आदेश प्राप्त हुए हैं।
बता दें कि अभिभावकों ने सरकार से इन स्कूलों को खोलने की गुहार लगाई थी। जिसके बाद सरकार ने इस मामले पर पुन: विचार किया और छात्र हित को देखते हुए इन स्कूलों को दोबारा शुरू करने को लेकर अधिसूचना जारी की। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क ने खबर की पुष्टि की है।