सराहां में कार से टकराई तेज रफ्तार बाइक, चालक की मौत
मोड़ते समय कार के ड्राइवर साइड के अगले हिस्से से टकराई मोटरसाइकिल, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हिमाचल नाऊ न्यूज सराहां
पुलिस थाना पच्छाद के तहत सराहां क्षेत्र में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार निवासी बनाड, डाकघर गागल शिकोर, तहसील पच्छाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, काहन निवासी राकेश गौतम ने शिकायत दर्ज करवाई कि सराहां की ओर से कार नंबर एचपी16एए-4413 आई और सड़क पर रुक गई। कार चालक ने इंडिकेटर देकर वाहन को धीरे-धीरे मोड़ना शुरू किया। इसी दौरान सराहां की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल नंबर एचआर03जेड-0823 कार के ड्राइवर साइड के अगले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे और कार नितेश नेहरू चला रहा था। हादसे में बाइक चालक राजेश कुमार की मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।