साच पास मार्ग पर पर्यटकों से भरी गाड़ी 500 फीट गहरी खाई में गिरी, कई लोगों की मौत की आशंका
रात के अंधेरे में बाधित हुआ रेस्क्यू, सुबह शुरू होगा राहत एवं बचाव अभियान
हिमाचल नाऊ न्यूज़ चंबा।
साच पास मार्ग पर पर्यटकों से भरी गाड़ी 500 फीट गहरी खाई में गिरी, कई लोगों की मौत की आशंकारात के अंधेरे में बाधित हुआ रेस्क्यू, सुबह शुरू होगा राहत एवं बचाव अभियानहिमाचल नाऊ न्यूज़चंबा।हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप पर्यटकों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 7 से 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बैरागढ़ चेक पोस्ट से साच पास की ओर रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि कालाबन के समीप वाहन अचानक सड़क से नीचे करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के समय वाहन में पर्यटक सवार थे।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। हालांकि दुर्गम क्षेत्र और रात का अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि खाई की गहराई अधिक होने के चलते तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाना संभव नहीं हो पाया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार रविवार सुबह उजाला होते ही राहत एवं बचाव अभियान तेज किया जाएगा और खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल वाहन में सवार लोगों की संख्या, मृतकों और घायलों के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।