Loading...

सिंचाई टैंक से अचानक गेटवाॅल खुलने से ट्राई गांव में मचा हड़कंप

Ankita • 7 Aug 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

मशोबरा ब्लाॅक के ट्राई गांव में रविवार की प्रातः करीब डेढ लाख लीटर क्षमता वाले भंडारण टैंक के अचानक गेटवाॅल खुलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ईश्वर की कृपा से बहुत बड़ा हादसा टल गया। बरसात में टैंक पानी से लबालब भरा हुआ था। बता दें कि करीब छः माह पहले ट्राई गांव में जल शक्ति विभाग द्वारा सिंचाई टैंक निर्मित किया गया था जिसमें पानी की निकासी के लिए चार-चार इंच के दो पाईप लगाए गए है परंतु विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से इस सिंचाई टैंक के पानी को बंद करने के लिए कोई गेटवाॅल नहीं गया था।

बल्कि पानी की निकासी को बोरी को लपेट कर बंद किया गया था। लोगों ने बड़ी मुशक्त के साथ पुनः बोरे के ढक्कन लगाकर पानी पर काबू पाया। बता दें कि इस टैंक के ठीक नीचे अनुसूचित जाति के चार परिवार रहते हैं। परिवार के मुखिया धर्मसिंह और रोशन लाल ने बताया कि रविवार की प्रातः करीब 9 बजे जब वह घर पर कुछ कार्य कर रहे थे कि अचानक बहुत बड़ा धमाका हुआ।

बाहर आकर देखा की टैंक से भारी मात्रा बहने वाले पानी ने बाढ़ का रूप धारण कर लिया है। इस धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग भी एकत्रित हो गए और उन्होने पानी का बहाव मकान पर जाने की बजाए दूसरी और कर दिया। धर्म सिंह का कहना है कि यदि हादसा रात को हो जाता तो चार परिवार बेघर हो जाने थे। बताया कि विभाग द्वारा इतना बड़ा टैंक बनाने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन नहीं किया है।

जिस बारे उन्होने विभाग और ठेकेदार से टैंक को किसी अन्य स्थान पर निर्मित करने की गुहार भी लगाई थी। इनका कहना है कि यदि चार-चार इंच के दोनों गेटवाॅल खुल जाते तो तबाही हो जानी थी। विभाग की लापरवाही के चलते अभी तक टैंक पर छत और चारों ओर फैसिंग भी नही लगाई गई है। शायद विभाग किसी हादसे का इंतजार कर रहा है।

धर्मसिंह ने बताया कि उन्होंने विभाग की इस लापनवाही बारे 1100 पर भी शिकायत की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर शरारत करके बोरी के ढक्कन को हटाया गया है जिस बारे विभाग को गंभीरता से सोचना चाहिए। जल शक्ति विभाग के जेई सुनील बिखटा ने बताया कि टैंक में गेटवाॅल लगाने के अतिरिक्त छत व फैंसिंग करने के आदेश दे दिए गए है ताकि ऐसे हादसों की पुनर्रावृति न हो।