FIR / धर्मशाला में बीए छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने अध्यापिका पर लगाए आरोप
FIR / धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिव मंदिर रोड के पास छात्रा का शव मिलने के बाद परिजनों ने कॉलेज की एक महिला अध्यापिका पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
धर्मशाला
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों से शिव मंदिर रोड के पास छात्रा का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की कार्रवाई शुरू की।
परिजनों ने पुलिस को शिकायत सौंपकर संबंधित महिला अध्यापिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को मिले सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।