सिरमौर पुलिस को नशा तस्करों को पकड़ने में मिली बड़ी सफलता, 5 किलो भुक्की और 10 शीशी कोडीन सिरप बरामद
जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भुक्की और प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है।
पांवटा साहिब :
जिला सिरमौर पुलिस द्वारा बनाई गई विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को धर दबोचा। सूचना के अनुसार कीर्तन सिंह पुत्र धनी राम निवासी गोन्दपुर और उसकी महिला साथी निवासी भीटारी लोहता (जिला वाराणसी, वर्तमान निवासी गोन्दपुर) विकासनगर से भुक्की/चूरापोस्त खरीदकर पांवटा ला रहे थे।
पुलिस ने दोनों को मोटरसाइकिल HP17H-6385 HF-डिलक्स सहित पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.070 किलोग्राम (5 किलो 70 ग्राम) भुक्की/चूरापोस्त बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से 10 अक्टूबर 2025 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से खरीदा गया और किन्हें बेचने की योजना थी।
कार से प्रतिबंधित सिरप बरामद
पांवटा साहिब पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर को गश्त और यातायात जांच के दौरान जल शक्ति विभाग कार्यालय के बाहर एक कार (नंबर HP71-6317) को रोका। चालक की पहचान यादवेन्द्र सिंह पुत्र हुक्म सिंह निवासी वरदान भवन, ददाहू के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान कार से 10 बोतलें Lykarex-T Cough Syrup (Triprolidine Hydrochloride & Codeine Phosphate Syrup, 100 ml) बरामद की गईं। आरोपी किसी प्रकार का पर्चा या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके विरुद्ध ND&PS Act के तहत अभियोग दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जांच जारी है कि यह प्रतिबंधित सिरप कहां से लाया गया और किसे सप्लाई की जानी थी।