Loading...

सीएम केजरीवाल के समर्थन में नाहन में उपवास, नाथूराम बोले- मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ

Ankita 7 Apr 2024 Edited 7 Apr 1 min read

नाहन के बड़ा चौक में उपवास पर बैठे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता

HNN/ नाहन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उपवास रखकर अपना रोष जाहिर किया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है।

देशहित की बात करने वाले नेताओं के साथ-साथ अब तो मुख्यमंत्री तक को जेल में डाला जा रहा है। नाहन में मीडिया से मुखातिब होते हुए आम आदमी पार्टी के नेता एवं समाजसेवी नाथूराम चौहान ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में शामिल हैं और भाजपा को करोड़ों का चंदा दे रहे हैं, वह आज खुलेआम घूम रहे हैं।

लेकिन जो नेता या अन्य भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उनके प्रति भाजपा तानाशाही रवैया अपनाते हुए सरकारी एजेंसियों के माध्यम से डरा धमका रही है। उन्हें जेल में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में ये उपवास रखा जा रहा है। इससे देशभर में माहौल बनाया जाएगा। घरों में भी लोग उपवास पर बैठे हैं। देश में भाजपा के तानाशाही रवैये से अब हर कोई परेशान है। नाथूराम ने कहा कि अब ये ज्यादा समय तक नहीं चलने वाला है।