सीएम सुक्खू ने पलटा पूर्व सरकार का फैसला, सात नए वार्ड किये निरस्त
HNN / शिमला
प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पूर्व सरकार का एक और फैसला पलट दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगर निगम शिमला के जो 7 नए वार्ड थे उसे निरस्त कर दिया है। यानी कि नगर निगम शिमला में अब 41 के बजाय 34 वार्ड ही होंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की मंजूरी के बाद इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन अध्यादेश-2023 ला कर राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1994 में संशोधन कर दिया है। इसी अधिनियम को संशोधित कर पिछली जयराम सरकार ने सात नए वार्ड बनाए थे। लेकिन अब सुक्खू सरकार ने जयराम सरकार के फैसले को पलट दिया है। इसके साथ ही नगर निगम शिमला के लंबित चुनाव का रास्ता भी साफ हो गया है।