सीएम सुक्खू ने रवनीत बिट्टू पर साधा निशाना
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत बिट्टू पर पलटवार किया है। शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुक्खू ने कहा कि रवनीत बिट्टू कुर्सी बचाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने छुटभैये नेताओं से राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी करवा रही है।
सुक्खू ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू जब कांग्रेस पार्टी में थे तो राहुल गांधी का गुणगान करते थे, लेकिन अब भाजपा सरकार में मंत्री बन गए हैं और राज्यसभा के सदस्य बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस इसका विरोध करती है और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को ऐसे नेताओं पर लगाम लगानी चाहिए।
सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी देश के एक सम्मानित नेता हैं और उनकी नीतियों व कार्यक्रमों से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियों का कांग्रेस विरोध करती है और यह सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने की राजनीति का हिस्सा है।