सीबीआई ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा सीजीएसटी इंस्पेक्टर
HNN/ शिमला
सीबीआई ने सोलन जिले में कार्यरत सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (सीजीएसटी) के एक इंस्पेक्टर को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सीजीएसटी इंस्पेक्टर ने सोलन की एक निजी फर्म के प्रबंधक से सीजीएसटी क्लेम सैटल करने की एवज में 8 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, सीजीएसटी इंस्पेक्टर ने कंपनी के कर्त्ता-धर्त्ता को कहा कि वे गलत व्यवसाय कर रहे हैं और वास्तव में माल का परिवहन नहीं कर रहे हैं। अगर वे व्यवसाय करना जारी रखना चाहते हैं तो रिश्वत देनी होगी अन्यथा उनका जीएसटी नंबर रद्द कर दिया जाएगा।
जिसके बाद कंपनी प्रबंधन की तरफ से इस बारे में सीबीआई को सूचना दी गई। शिकायत के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने जाल बिछाया और जैसे ही सीजीएसटी इंस्पेक्टर ने व्यक्ति से 8,000 रुपये लिए तो उसी समय चार सदस्यीय टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के पुलिस अधीक्षक राजेश चहल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में छानबीन जारी है।