Loading...

सूचनाओं के तेज प्रवाह में आवश्यक है मीडिया की विश्वसनीयता – डॉ. निपुण जिंदल

PRIYANKA THAKUR • 17 Nov 2022 • 1 Min Read

एक दूसरे के पूरक हैं मीडिया और प्रशासन- एसपी कांगड़ा

HNN / काँगड़ा

मीडिया समाज का आईना है, इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की संज्ञा भी दी गई है। इस नाते सूचनाओं के तेज प्रवाह के इस दौर में मीडिया की विश्वसनीयता बहुत आवश्यक है। जरूरी है कि मीडिया सशक्त रहे और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को पूर्ण करे। यह विचार जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर धर्मशाला के कैबिनेट हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।

डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मीडिया में सूचनाओं के प्रवाह का बड़ा महत्व है और शासन-प्रशासन की ओर से इसे अविरल बनाए रखना बहुत जरूरी है। कई बार निहित स्वार्थों के चलते जानबूझ कर गलत सूचनाओं का संप्रेषण होता है, ये प्रवृति लोकतंत्र के लिए घातक है। इसे किसी भी स्तर पर बढ़ने नहीं देना चाहिए।

इतिहास, कला-संस्कृति से करवाएं रूबरू
जिलाधीश ने कहा कि खबर के त्वरित प्रसारण के दौर में अपनी विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए यह बहुत जरूरी है कि सूचना की सत्यता को परखा जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता ने जनजागरण और विदेशी शासन को चुनौती देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उसी प्रकार आज भी लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ के रूप में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को जीवित रखने के लिए मीडिया अपनी जिम्मेदारियों को जितना बेहतर समझेगा राष्ट्र निर्माण में उसका उतना सहयोग हो पाएगा।

डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि समय के साथ सूचनाओं के प्रवाह और प्रसारण की गति में एक जबरदस्त परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि पहले जो खबर घटना घटने के लगभग एक दिन बाद मिलती थी। आज मीडिया के विस्तार के कारण वह सूचना उसी समय लोगों तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे दौर में मीडिया की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

एक दूसरे के पूरक हैं मीडिया और प्रशासन- डॉ खुशाल शर्मा
एसपी कांगड़ा डॉ खुशाल शर्मा ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि मीडिया और प्रशासन एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि समाज की भलाई के लिए मीडिया और प्रशासन को हमेशा सामंजस्य बनाकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का निर्माण ही नहीं अपितु राष्ट्र की एकात्मता में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्या को आगे लाकर उसके समाधान के लिए प्रयास करने का कार्य मीडिया करती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से एक पत्रकार को निरंतर कार्य करते रहना चाहिए।