सेन की सैर गांव में बेखौफ घूम रहा तेंदुआ, लोगों का घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
अब तक कई पालतू जानवरों को बना चुका अपना शिकार
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र में आने वाली सेन की सैर पंचायत में आदमखोर तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। चहलकदमी करता हुआ यह तेंदुआ एक वीडियो में भी कैद हुआ है। बता दें इस आदमखोर तेंदुए ने गांव में कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बना लिया है।
इतना ही नहीं तेंदुए ने लोगों के घरों में घुसकर पालतू कुत्तों को अपना निवाला बनाया है। आदमखोर तेंदुए की दस्तक से लोगों का उनके घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि सेन की सैर निवासी अंकिता ठाकुर पुत्री अनिल कुमार द्वारा इस बाबत कुछ दिन पूर्व वन विभाग को भी सूचित किया गया है।
गौरतलब है कि करीब एक महीने यह तेंदुआ इस गांव में बेखौफ घूम रहा है। तेंदुए के इस तरह बेखौफ घूमने से लोगों को डर के साए में जीना पड़ रहा है। दिन के उजाले में भी तेंदुआ लोगों को रास्ते में मिल रहा है।
हालांकि तेंदुए ने अभी तक गांव के किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है। यदि वन विभाग द्वारा इस तेंदुए को जल्द नहीं पकड़ा गया तो यह गांव के किसी व्यक्ति पर भी हमला कर सकता है।