Loading...

सेल्फी लेते समय ब्यास नदी में बहे दो पर्यटक, युवती की मौत, एक लापता

PARUL • 26 May 2024 • 1 Min Read

HNN/कुल्लू

जिला कुल्लू में मनाली के नेहरू कुंड के पास सेल्फी लेते समय दो पर्यटक ब्यास नदी में बह गए। पुलिस ने युवती का शव बरामद कर लिया है जबकि युवक अभी लापता है।

मृतक युवती की पहचान 23 वर्षीय ऋचा तिवारी, मध्यप्रदेश और लापता युवक की पहचान 32 वर्षीय सौरभ शाह हैदराबाद के रूप में हुई है। युवक को तलाश करने के लिए पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार, ऋचा तिवारी अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ मनाली घूमने आई थीं। वह मनाली के होटल में कार्य कर रहे उनकी पहचान के सौरभ शाह के साथ नदी के तट पर गए थे।

इस दौरान मनाली के नेहरू कुंड के पास वह सेल्फी ले रही थी कि अचानक उसका पैर फिसला और वह ब्यास नदी में गिर गई। युवती को बचाने के लिए युवक नदी में उतरा और वह भी बह गया।

सूचना मिलते ही मनाली पुलिस द्वारा अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। महिला पर्यटक ऋचा तिवारी की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई, पुलिस ने उसके शव को बाहंग में बरामद किया है। जबकि पर्यटक सौरभ शाह अभी लापता है। पुलिस का सर्च अभियान जारी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।