सेवानिवृत्त एचएएस अधिकारी से 73 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक सेवानिवृत्त एचएएस अफसर से 73 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों ने सीबीआई अफसर बनकर ठगी को अंजाम दिया। सेवानिवृत्त अधिकारी को उनके बैंक खातों का आतंकी गतिविधियों में प्रयोग का डर दिखाकर ठगी की गई है।
कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर शातिरों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिये शिकायतकर्ता को 12 घंटे तक घर में डिजिटल अरेस्ट रखा। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि चार सितंबर को अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अफसर बताया और उनके बैंकों के खातों तथा क्रेडिट कार्ड के हैदराबाद में आतंकी गतिविधियों में प्रयोग होने का डर दिखाया।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी के एएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि 21 लाख के करीब पैसा बैंक खातों में फ्रीज कर दिया गया है। कोर्ट के माध्यम से यह पैसा शिकायतकर्ता को दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की फर्जी कॉल के डर में न आएं। किसी भी तरह से ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या साइबर क्राइम थाना मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226900 पर शिकायत दर्ज करें।