सोलन पुलिस की कार्रवाई: चोरी और सेंधमारी के 5 मामलों में 9 आरोपी गिरफ्तार
Himachalnow / सोलन
जनवरी 2025 में 2 लाख की बरामदगी, वर्ष 2024 में कुल 28 लाख की रिकवरी
सोलन पुलिस ने जनवरी 2025 में चोरी और सेंधमारी के 5 मामलों को सुलझाते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ₹2 लाख की बरामदगी कर इन मामलों का सफल समाधान किया है।
बसाल रोड, चंबाघाट से 1.90 लाख की चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
13 जनवरी 2025 को बसाल रोड, चंबाघाट स्थित कबाड़ की दुकानों से ₹1,90,000 मूल्य का सामान चोरी होने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी पहले भी कई चोरी के मामलों में संलिप्त पाए गए थे।
परवाणु में महिला के पर्स से ज्वेलरी चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
27 जनवरी 2025 को परवाणु में एक महिला की गाड़ी से पर्स चोरी कर लिया गया, जिसमें कीमती ज्वेलरी भी थी। परवाणु पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली।
एलआईसी कार्यालय से चोरी, एक आरोपी कस्टडी में
28 जनवरी 2025 को परवाणु स्थित एलआईसी कार्यालय से एसी कंडेंसर और कॉपर वायर चोरी होने की घटना पर कार्रवाई करते हुए थाना परवाणु पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
2024 में चोरी और सेंधमारी के मामलों में बड़ी रिकवरी
सोलन पुलिस ने वर्ष 2024 के दौरान चोरी के मामलों को सुलझाते हुए 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 28 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं, सेंधमारी के मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 लाख रुपये की संपत्ति की रिकवरी करने में सफलता प्राप्त की।