सोलन पुलिस ने चोरी के मामले में नेपाली मूल के युवक को किया गिरफ्तार
9 मई को दुकान से नकदी व अन्य सामान ले उड़ा था शातिर
HNN/ सोलन
सोलन पुलिस ने चोरी के एक मामले में नेपाली मूल के युवक को गिरफ्तार किया है। युवक का नाम सैम्युल उर्फ सागर (19) निवासी कुम्हारहट्टी बताया गया है। यह आरोपी पहले भी थाना धर्मपुर में चोरी की एक वारदात में संलिप्त रहा है, जिसमें इसने 43 हजार रुपये के घरेलू सामान की चोरी को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक नीरज मित्तल निवासी सनी साइड सोलन ने थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 9 मई को इनको अपने सेल्समैन ने बतलाया कि इनकी गेट का ताला टूटा है। सूचना मिलने पर जब वह मौका पर पहुंचे तो इन्होंने पाया कि दुकान के अंदर टेबल के ड्रॉर में रखी नकदी गायब थी।
वारदात के समय इन्हें यह पता न था कि इनकी कितनी नकदी व अन्य सामान चोरी हुआ है। परंतु अब कलेक्शन से संबंधित रिकॉर्ड चेक किया तो इन्हें ज्ञात हुआ कि इनकी दुकान से 20 हजार रुपये चोरी हुए हैं। इस मामले में थाना सदर सोलन में चोरी की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की तथा 27 मई को थाना सदर सोलन की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की है।