सोलन पुलिस ने चोरी के मामले में मोहाली से गिरफ्तार किए 2 आरोपी
HNN/ सोलन
सोलन पुलिस ने चोरी के आरोप में गोलू और पवन नाम के दो व्यक्तियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी हुई ज्वैलरी में से कुछ ज्वैलरी बरामद भी कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी थाना धर्मपुर के अंतर्गत पड़ने वाले सुबाथू व अर्की क्षेत्र में सक्रिय थे तथा इन्होंने यहां चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था।
इन दोनों पर आरोप है कि ये घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने चांदी के गहनों को चोरी किया करते थे। गिरफ्तार आरोपियों से छानबीन के दौरान पता चला कि इन्होंने पुलिस थाना धर्मपुर के सुबाथू क्षेत्र में दो चोरियों व अर्की क्षेत्र में एक चोरी के मामले को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी पहले भी कई चोरियों में शामिल रहे हैं। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस की तहकीकात जारी है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की है।