सोलन पुलिस ने मोहाली से गिरफ्तार किया चिट्टे के मुख्य सप्लायर
HNN/ सोलन
जिला सोलन पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब के मोहाली से चिट्टे के मुख्य सप्लायर को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार (28) निवासी प्लाईकला जिला लखीमपुर-खीरी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी प्रदीप चिट्टा तस्करी में पहले भी संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ थाना चंडी मंदिर हरियाणा और थाना खरड़ पंजाब में चिट्टा तस्करी का एक-एक मामला दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम ने 3 मई को शमलेच-आंजी पुल पर कार सवार 2 युवकों रमन रवि वर्मा (26) निवासी नजदीक तिब्बतियन मोनेस्ट्री धार संजौली शिमला और रवि शर्मा (31) निवासी भट्ठाकुफर चमियाना को 9 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था।
आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने सात मई को थाना सदर की टीम ने चिट्टा सप्लाई के फाइनेंशियल हैंडलर आरोपी हिम्मत (22) निवासी गांव व डाकघर वरवाला पंचकुला हरियाणा को पंचकुला से गिरफ्तार किया।
जिसके बाद अब मुख्य सप्लायर प्रदीप को पंजाब के मोहाली से काबू किया। बताया जा रहा है कि इस आरोपी के संपर्क में प्रदेश के 80 से ज्यादा युवा थे, जो चिट्टे की सप्लाई करते थे। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।