सोलन में पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में पकड़ी 114 बोतल अवैध शराब, मामला दर्ज
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस थाना बद्दी व मानपुरा के तहत दर्ज चार अलग-अलग मामलों में पुलिस ने देसी व अंग्रेजी शराब की 114 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पहले मामले ने पुलिस थाना मानपुरा के तहत एक गाड़ी की चेकिंग की तो उसमें से देसी शराब की 24 पेटियां बरामद हुईं। इस मामले में आरोपी राजेश कुमार निवासी गांव जट्टी माजरा डाकघर लोदीमाजरा तहसील बद्दी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।
जबकि दूसरे मामले में मानपुरा थाना की टीम ने गुप्त सूचना पर खरुनी स्थित दुकान में दबिश दी और आरोपी राजेंद्र सिंह निवासी गांव खरुनी तहसील बद्दी से देसी शराब की 2 पेटी बरामद की। तीसरे मामले में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गश्त के दौरान सुरेश कुमार निवासी बिल्लावाली लवाणा तहसील बद्दी के हवाले से 5 पेटी देसी शराब की बरामद की।
वहीं चौथे मामले में पुलिस थाना मानपुरा के तहत पुलिस टीम ने मानपुरा के पास एक गाड़ी को रोका जिससे देसी व अंग्रेजी शराब की 83 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राकेश कुमार निवासी गांव बिलांवाली लवाणा तहसील बद्दी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने सभी मामलों की 114 पेटियां की पुष्टि की हैं।