सोलर लाइट के खंभे से लटका मिला लोनिवि के कर्मचारी का शव
HNN/ शिमला
रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के साथ लोक निर्माण विभाग की वर्कशॉप के बाहर एक व्यक्ति का शव सोलर लाइट के खंभे से लटका मिला है। मृतक की पहचान ओम प्रकाश निवासी गांव डिस्वाणी, उपतहसील जांगला के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश लोक निर्माण विभाग यांत्रिकी कार्यशाला रोहड़ू में बतौर चौकीदार तैनात था। जब लोगों ने कार्यशाला के बाहर सोलर लाइट के खंभे में एक व्यक्ति को लटका देखा। तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व विभाग के कर्मचारियों को दी।
मौके पर पहुंच कर लटके हुए व्यक्ति को जब खंभे से उतारा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक पहले से मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस के सामने परिजनों की ओर से मौत को लेकर अन्य किसी प्रकार का शक नहीं जताया गया। डीएसपी रविंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि की है।