Loading...

सोशल मीडिया पर हुई थी युवती से दोस्ती, युवक से लुटे 70 हजार

PARUL 13 Feb 2024 Edited 13 Feb 1 min read

HNN/सोलन

जिला सोलन में एक युवक से पिस्तौल दिखाकर 70 हजार रुपये लूटने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने पीड़ित राहुल ठाकुर निवासी शिमला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, मामला 30 जनवरी का है।

जब एक युवती ने पहले सोशल मीडिया पर शिमला के राहुल ठाकुर से दोस्ती की, फिर मिलने के लिए परवाणू के प्रेम हर्बल पार्क में बुलाया। लेकिन युवती नहीं आई। तभी अचानक दो युवक आए और उन्होंने पिस्तौल दिखाकर उसे गाड़ी में बिठाया और कसौली रोड पर ले गए। इन युवकों ने सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर युवक से एटीएम कार्ड, गूगल पे के जरिये 70,000 रुपये लूट लिए।

जिसके बाद राहुल ठाकुर ने पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जिसके बाद 9 फरवरी को पुलिस थाना परवाणू की टीम ने वारदात में संलिप्त 25 वर्षीय आरोपी पंकज कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी विजयनगर जिला गंगानगर राजस्थान और जिला फाजिल्का पंजाब निवासी 24 वर्षीय युवती पूजा को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, पांच बुलेट, लैपटॉप समेत मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। डीएसपी सोलन प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।