Loading...

सौंदर्यीकरण के नाम पर ट्रकों में अमानवीय तरीके से ठूंस कर भुंतर से पड़ोसी जिला भेज दिए प्रवासी मजदूर

Ankita • 6 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

सूक्खु सरकार में सुंदरता के नाम पर अमानवीय क्रूरता की खोफनाक तस्वीरें सामने आई है। प्रदेश सरकार में सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर के कुल्लू व भुंतर को सुंदर बनाने की योजना है। इसके तहत कुल्लू में तो सभी रेहड़ी-फहड़ी वालों की रोजी-रोटी छीनी जा चुकी है। लेकिन अब भुंतर की सूरत बदलने के मास्टर प्लान की पोल भी खुल गई है।

रात के अंधेरे में भुंतर से मंगलवार देर शाम दो ट्रकों में भरकर लगभग 150 प्रवासियों को परिवारों सहित सुंदरनगर में छोड़ने की कोशिश की गई। ट्रकों में प्रवासी महिलाएं और बच्चो को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था और सांस तक लेना मुश्किल हो रहा था। बच्चे बिलख रहे थे और मां-बाप सर से छत उजड़ने के गम में थे।

हैरानी की बात यह है कि प्रवासियों को रात के अंधेरे में गुपचुप तरीके से भुंतर प्रशासन, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों ने कुल्लू से खदेड़ कर अन्य जिलों में भेज दिया। जैसे ही ये ट्रक सुंदरनगर के रोपा में प्रवासियों को उतारने के लिए रुका तो स्थानीय पुलिस को भनक लग गई।

इस पर पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने तुरंत कार्यवाही अमल में लाते हुए मौके पर प्रवासियों को उन्हीं ट्रकों में बिठाकर मंडी की सीमा से बाहर भेज दिया। लेकिन इस मामले ने सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, कुल्लू प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के भुंतर शहर के सौंदर्यीकरण और झुग्गी-झोपड़ी मुक्त बनाने के मास्टर प्लान की असलियत को जगजाहिर कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। उधर, एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि कुल्लू प्रशासन द्वारा प्रवासियों को गाड़ी में उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया था, लेकिन उन्होंने सुंदरनगर के रोपा में अवैध रूप से झोपड़ी लगाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रकों में फिर से गंतव्य की तरफ रवाना कर दिया है।