स्कूलों में तैनात होंगे इतने वोकेशनल शिक्षक, जल्द होगी नियुक्ति….
HNN/ शिमला
राज्य में नई शिक्षा निति को लागु करने के भरपूर प्रयास किए जा रहे है। इसी के तहत स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के 120 स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने मंजुरी दे दी है। ऐसे में प्रदेश में जल्द ही 300 नए शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
बता दें कि समग्र शिक्षा विभाग की ओर से इस साल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नए वोकेशनल सब्जेक्ट शुरू करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें ब्यूटी वैलनेस टूरिज्म, एग्रीकल्चर, फूड इंडस्ट्री सहित अन्य कोर्स शुरू करने के लिए केंद्र से मंजूरी मांगी गई थी। समग्र शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जिलावार स्कूलों में शुरू होने वाले विषय का ब्यौरा दिया गया है।
इसके साथ ही इन सब्जेक्ट को पढ़ाने के लिए समग्र शिक्षा विभाग के तहत नई भर्तियां भी की जाएगी। गौरतलब है कि इस समय प्रदेश के 900 स्कूलों में वोकेशनल कोर्स चल रहे हैं।स्कूलों में ऑटोमोबाइल, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटीएस, प्लंबर और टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी जैसे कोर्स चल रहे हैं।
इस बारे में व्यावसायिक विषय के प्रदेश नोडल अधिकारी दिनेश स्टेटा ने कहा कि प्रदेशभर के 120 स्कूलों में व्यावसायिक कोर्स शुरू होंगे। इसे लेकर केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। अब जल्द ही नए शिक्षकों की नियुक्ति कर स्कूलों में इन कोर्सेस को शुरू किया जाएगा।