स्कूल के शौचालय की दीवार गिरने से 4 बच्चे जख्मी, अस्पताल में भर्ती
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के तहत उपतहसील जंगला की ग्राम पंचायत थाना के अंतर्गत एक हादसा पेश आया है, यहां प्राथमिक पाठशाला टिपरोली में अचानक ही स्कूल के शौचालय की दीवार गिर गई।
दीवार और छत की चपेट में आने से चार बच्चों के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं है। घायल विद्यार्थियों में हिमांशु (7), आशीष (8), रविना (6) और सुशील (7) शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहडू में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल के बच्चे पुराने शौचालय के समीप खेल रहे थे। इसी दौरान शौचालय की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से चार बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहडू पहुंचाया गया।
अस्पताल में भर्ती बच्चों ने बताया कि स्कूल में दो शिक्षक हैं। एक शिक्षक स्कूल नहीं आया था। दूसरा शिक्षक हादसे के समय मौके पर नहीं था। हालांकि, स्कूल में बच्चों के लिए नया शौचालय बनाया गया है।
बच्चे पुराने शौचालय के समीप खेल रहे थे। पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए हैं। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए गए हैं।