स्टोन क्रशर की गाड़ियों से डीजल चोरी के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
HNN/ऊना
जिला ऊना में पुलिस थाना हरोली के तहत जनन खड्ड स्थित स्टोन क्रशर से चालक द्वारा डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डीजल चोरी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पवन कुमार निवासी बालीवाल व करण सिंह निवासी सलोह के रूप में हुई है, जिनके पास से 25 लीटर डीजल व डीजल को ट्रक से बाहर निकालने के लिए प्रयोग की गई पाइप बरामद की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में जसपाल सिंह निवासी अमृतसर पंजाब ने बताया कि उनके रिश्तेदार राजन शर्मा निवासी कुल्लू का जननी खड्ड में स्टोन क्रशर है। यहां पर वह ज्यादातर कामकाज संभालते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से स्टोन क्रशर में लगी गाड़ियों से डीजल चोरी होने का सहयोगियों तथा कर्मचारियों से पता चला था।
चोरी की जानकारी मिलने पर एक कर्मचारी की तैनाती की, जिसके बाद पवन कुमार करण सिंह को डीजल की चोरी करते हुए रंगे हाथ काबू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के पास से 25 लीटर डीजल सहित पाइप बरामद की गई है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने मामले की पुष्टि की है।