स्थानीय लोगों ने सेंधमारी कर रहे दो व्यक्ति किए पुलिस के हवाले
HNN/सोलन
जिला सोलन के पुलिस थाना अर्की में सेंधमारी कर रहे दो व्यक्तियों को लोगों ने मौके से दबोच कर पुलिस के हवाले किया है। सेंधमारी करने वाले आरोपियों की पहचान कर्मचंद पुत्र दिला राम निवासी गांव बांजणी डाकघर शारडाघाट तहसील कंडाघाट और राहुल पुत्र पप्पू राम निवासी गांव बांजणी डाकघर शारडाघाट तहसील कंडाघाट के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जानकारी के मुताबिक नरोतम राम निवासी अर्की ने पुलिस को शिकायत पत्र दिया था, जिसमें कहा गया कि जब वह अपने घर पर रात को सोये हुए थे। इस दौरान जब रात करीब 2 बजे इनकी नींद खुली तो घर के बाहर किसी आदमी के चलने की आवाज आई।
जब उक्त व्यक्ति ने बाहर देखा तो पाया कि दो व्यक्ति इनके घर की निचली मंजिल में दरवाजे के बाहर से लगे ताले को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। शक होने पर इन्होंने शोर मचाया शोर सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठे हुए व इन्होंने दोनो चोरों को काबू किया। पुलिस ने केस दर्ज करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की है।