स्माल सेविंग से आमदनी बढ़ाने को चलाया जाएगा विशेष अभियान: प्रकाश करड़
कांगड़ा
लघु बचत योजनाओं को लोकप्रिय बनाने पर विशेष फोकस
राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद करड़ ने कहा कि प्रदेश में स्माल सेविंग योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर आमदनी बढ़ाने के कारगर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने धर्मशाला में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि समाज में विशेष रूप से महिलाओं में लघु बचत की भावना को मजबूत कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।
एजेंट्स के लिए जिलास्तरीय कार्यशालाएं होंगी आयोजित
प्रकाश करड़ ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 15,000 से अधिक एजेंट्स कार्यरत हैं, जो 2 लाख से ज्यादा खाताधारकों से जुड़े हुए हैं। एजेंट्स को प्रशिक्षित और प्रेरित करने के लिए प्रत्येक जिले में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। बेहतर कार्य करने वाले एजेंट्स को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।
संपत्तियों के रखरखाव और किराया आमदनी की समीक्षा
उन्होंने कहा कि बोर्ड की संपत्तियों, जैसे स्माल सेविंग भवनों का उचित रखरखाव और किराया आमदनी का लेखा-जोखा सुनिश्चित किया जाएगा। इससे इन परिसंपत्तियों से अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकेगा और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता आएगी।
एजेंट्स की समस्याएं होंगी दूर, नए कार्यक्रम होंगे शुरू
प्रकाश करड़ ने कहा कि वे स्वयं सभी जिलों का प्रवास कर रहे हैं और एजेंट्स से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जान रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। इसके उपरांत बोर्ड की बैठक कर नए कार्यक्रम आरंभ किए जाएंगे। बैठक में उपायुक्त हेमराज बैरवा, एडीएम शिल्पी बेक्टा, योजना बोर्ड सदस्य जीवन कुमार और केवट संघ के अध्यक्ष मदन लाल डोगरा भी उपस्थित रहे।