स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर के तहत डोर टू डोर अभियान हुआ तेज
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना में स्वच्छता अभियान को मिली रफ्तार
नगर निगम ऊना के आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर मुहिम के तहत डोर-टू-डोर अभियान ने गति पकड़ ली है। इस अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों की सदस्य रोजाना 400 से अधिक घरों तक पहुंचकर सर्वे कर रही हैं और घरों से निकलने वाले सूखे, गीले एवं हानिकारक कचरे के सही निस्तारण को लेकर लोगों को जागरूक कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि ऊना को स्वच्छ और समृद्ध नगर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। घर-घर जाकर लोगों को शिक्षित और प्रेरित किया जा रहा है ताकि ऊना को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आदर्श नगर निगम के रूप में विकसित किया जा सके।
स्वच्छता के प्रति नागरिकों को किया जा रहा जागरूक
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इस मुहिम के अंतर्गत नागरिकों को गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा, सिंगल यूज पॉलिथीन के कम से कम उपयोग और इसे जलाने से बचने का संदेश भी दिया जा रहा है। नगर निगम की टीम लोगों को जागरूक कर रही है कि वे उपयोग की गई पॉलीथीन को एकत्रित कर सफाई कर्मचारियों को सौंपें, ताकि पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।
सर्वे कार्य ने पकड़ी गति
नगर निगम के सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि अब तक ऊना शहर में 1,460 घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा, पूर्व नगर परिषद के वार्ड नंबर 8 का सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। इस अभियान के माध्यम से नगर निगम ऊना को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।