स्वास्थ्य मंत्री ने किया राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले का विधिवत शुभारंभ
HNN/ सोलन
सोलन की अधिष्ठात्री देवी माँ शूलिनी में अपार श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक तीन दिवसीय माँ शूलिनी मेले का आज सोलन में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ शुभारम्भ हुआ। मेले में पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सैंकड़ों लोग माँ शूलिनी मंदिर में एकत्र हुए और मंगलमयी शोभायात्रा में भाग लिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से पुरानी कचहरी में माँ शूलिनी की सुसज्जित पालकी की अगुवाई की। उन्होंने इस अवसर पर माँ के समक्ष शीश नवाया और सभी के सुखी जीवन की कामना की।
उन्होंने पवित्र शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने बघाट बैंक से माँ की पवित्र पालकी पर पुष्प वर्षा भी की।
इस अवसर पर सोलन शहर के विभिन्न स्थानों पर तीन दिनों तक भंडारे भी आयोजित किए जाते हैं। इन तीन दिनों तक सोलन शहर भक्ति रस से ओत-प्रोत रहता है।
राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला अपने ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक महत्व के लिए जाना जाता है। इससे पूर्व आज प्रातः माँ शूलिनी की पूजा एवं हवन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। डॉ. शांडिल ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शूलिनी मंच पर आयोजित हवन में भाग लिया।
इसके साथ ही राज्य स्तरीय तीन दिवसीय मेले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आज से आरंभ हो गई। स्वास्थ्य मंत्री ने वॉलीबाल प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से भेंट की और खिलाड़ियों का उत्साह वर्द्धन किया। उन्होंने आयोजक मण्डल को खेल प्रतियोगितायों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।