स्वीप के तहत संदोआ पाटी में चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान
HNN/ मंडी
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत सरकाघाट विधान सभा क्षेत्र के संदोआ पाटी में स्थापित बूथ न. 12 में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने बताया कि स्वीप अभियान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि विधान सभा क्षेत्र में आगामी लोक सभा चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की अधिक आयु के युवाओं की मतदाता पहचान पत्र बनाने एवं मतदान केंद्र पर मिलने वाली सुविधाओं तथा 85 वर्ष से ऊपर के मतदाताओं को फॉर्म 12डी भरने बारे सहित तमाम अन्य जानकारियां से लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। नोडल अधिकारी स्वीप कर्म सिंह पराशर ने कार्यक्रम में लोगों को एक-एक वोट के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा 01 जून, 2024 को लोकसभा निर्वाचन के दौरान शत-प्रतिशत मतदान के लिए संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता का जागरूक होना आवश्यक है और सभी पात्र मतदाताओं को मतदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंजीकृत मतदाता भी अपना और अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि भी अवश्य करें।
उन्होंने बी.एल.ओ. तथा वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से वोट बनाने की समस्त प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त उन्होंने मतदान वाले दिन मतदान केंद्र पर मिलने वाली सभी सुविधाओं बारे भी अवगत करवाया। इस दौरान स्वीप टीम द्वारा सेल्फी पॉइंट और साक्षरता अभियान के माध्यम से भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। स्वीप टीम सदस्य विजय गुलेरिया ने भी लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया तथा मत व मताधिकार का महत्व समझाया।