Loading...

हमीरपुर-मंडी एनएच : टोल प्लाजा निर्माण पर संशय

NEHA • 3 Oct 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर टोल टैक्स लगेगा या नहीं, इसको लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इस एनएच पर टोल प्लाजा के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था, जिसके बाद इस पर फैसला लंबित है। सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय स्तर पर इस मामले पर विमर्श चल रहा है।

हमीरपुर से मंडी तक 109 किलोमीटर का निर्माण कार्य तीन चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण हमीरपुर से सरकाघाट के समीप करनोल तक निर्माणाधीन है, जिसके दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। दूसरा और तीसरा चरण करनोल से कलवाण और कलवाण से मंडी तक हैं। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से हमीरपुर से मंडी की दूरी 124 किलोमीटर से घटकर 109 किलोमीटर रह जाएगी।

इस प्रोजेक्ट की डीपीआर में टोल प्लाजा का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन निर्माण को लेकर अंतिम फैसला मंत्रालय स्तर पर होगा। यह विश्व बैंक का प्रोजेक्ट है, ऐसे में मंत्रालय स्तर पर इस पर निर्णय होगा। सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के परियोजना कार्यालय हमीरपुर के सहायक अभियंता तन्मय महाजन ने कहा कि टोल प्लाजा के निर्माण को लेकर अंतिम फैसला मंत्रालय स्तर पर होगा।