Category: HARIPURDHAR

  • नौकरी प्रशिक्षु नीति के खिलाफ हरिपुरधार में विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन

    नौकरी प्रशिक्षु नीति के खिलाफ हरिपुरधार में विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन

    कॉलेज सड़क पक्की करने और शिक्षकों के पद भरने की भी मांग

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ हरिपुरधार

    अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की हरिपुरधार महाविद्यालय इकाई ने आज सुक्खू सरकार की नौकरी प्रशिक्षु नीति (जॉब ट्रेनी पॉलिसी) के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन किया।

    सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले हरिपुरधार में परिषद के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद, उन्होंने महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और स्थानीय नायब तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपे।विद्यार्थी परिषद ने सरकार से दो साल तक प्रशिक्षु कर्मचारी रखे जाने वाली नीति को रद्द करने की मांग की।

    इसके अलावा, छात्रों ने महाविद्यालय सड़क को पक्का करने और शिक्षकों के खाली पड़े पदों को जल्द भरने की भी मांग उठाई।इस प्रदर्शन में विनोद चौहान, हर्ष ठाकुर, समीर शर्मा, जगदीश कुमार, दीक्षा, आकांक्षा राणा और परीक्षा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया, तो वे भविष्य में आंदोलन को और तेज करेंगे।

  • हरिपुरधार में तड़के गिरी सुरक्षा दीवार, 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

    हरिपुरधार में तड़के गिरी सुरक्षा दीवार, 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त

    बड़ा हादसा टला, बरसात ने बढ़ाई चिंता, घटना के बाद प्रशासन भी पहुंचा मौके पर

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ हरिपुरधार

    सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के हरिपुरधार में आज तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जल शक्ति विभाग के रेस्ट हाउस की सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई।

    लगातार हो रही बरसात के बीच हुई इस घटना में सड़क किनारे खड़ीं तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह-सुबह लैंडस्लाइड (भूस्खलन) के साथ यह दीवार गिरी और गनीमत रही कि उस वक्त सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

    सुबह का वक्त, बड़ा खतरा टलायह घटना हरिपुरधार बाजार के ठीक ऊपर स्थित जल शक्ति विभाग के रेस्ट हाउस के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय जब लोग अपने घरों में थे, अचानक एक जोरदार आवाज के साथ सुरक्षा दीवार ढह गई।

    दीवार के मलबे के साथ मिट्टी और पत्थर भी नीचे सड़क पर आ गिरे, जिनकी चपेट में वहां पार्क की गई तीन गाड़ियां आ गईं। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है; उनकी छतें, बोनट और शीशे बुरी तरह टूट गए हैं।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के कारण जमीन नरम पड़ने से ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।राहत कार्य जारी, यातायात बहाल। प्रशासन से पुख्ता इंतजाम की मांग हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे।

    मलबे को हटाने का काम तुरंत शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, अब तक दो क्षतिग्रस्त गाड़ियों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, मंदिर और कुपवी जाने वाली मुख्य सड़क पर फैले मलबे को हटाकर यातायात को बहाल कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में आवाजाही फिर से शुरू हो सकी है।

    स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पुरानी हो चुकी सुरक्षा दीवारों और ढलान वाली जगहों की बरसात के मौसम से पहले और दौरान नियमित जांच करवाने की अपील की है।

    उन्होंने कहा कि मॉनसून के दौरान भूस्खलन और दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में बरसात से उपजे खतरों की ओर ध्यान खींचा है।

  • सहीराम चौहान का 86 वर्ष की आयु में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

    सहीराम चौहान का 86 वर्ष की आयु में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

    भाजपा के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी थे स्वर्गीय सहीराम चौहान, जन कल्याण के लिए आजीवन किया संघर्ष

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ हरिपुरधार श्री रणुका जी

    पूर्व बीडीसी अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व कार्यसमिति सदस्य स्वर्गीय सहीराम चौहान का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन से महल क्षेत्र समेत पूरे गिरिपार इलाके में शोक की गहरी लहर व्याप्त हो गई है।

    स्वर्गीय श्री चौहान पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे।भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय सहीराम चौहान जिला सिरमौर की एक प्रतिष्ठित शख्सियत थे, जिनकी क्षतिपूर्ति कभी नहीं की जा सकती।

    उन्होंने हमेशा पिछड़े और गरीब लोगों की हर संभव सहायता की।उनके निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद अध्यक्षा सीमा कन्याल, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता,

    पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, बलदेव भंडारी, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन ठाकुर, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रताप सिंह तोमर,

    भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश चौहान, भाजपा जिला प्रवक्ता मेलाराम शर्मा, भाजपा जिला सचिव भागीरथ ठाकुर, भाजपा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष रणबीर ठाकुर सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

    अपने शोक संदेश में भाजपा नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय सहीराम चौहान ने पूर्व बीडीसी अध्यक्ष रहते हुए क्षेत्र की समस्याओं को हमेशा प्रमुखता से उठाया, चाहे किसी भी पार्टी की सरकार रही हो। उन्होंने अपने जीवन में निजी हितों को परे रखते हुए हमेशा जन कल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष किया।

    उनका निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी सादगी, जनसेवा और संघर्षपूर्ण जीवन हमेशा लोगों को प्रेरणा देता रहेगा।

  • हरिपुरधार में जल्द बनेगा सिविल अस्पताल , मेले के समापन पर विधानसभा उपाध्यक्ष ने की घोषणा

    हरिपुरधार में जल्द बनेगा सिविल अस्पताल , मेले के समापन पर विधानसभा उपाध्यक्ष ने की घोषणा

    नाहन

    जिला स्तरीय मां भंगायणी मेले का हुआ समापन
    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने हरिपुरधार में तीन दिवसीय मां भंगायणी मेले के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बताया और कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

    हरिपुरधार में सिविल अस्पताल की घोषणा
    विनय कुमार ने हरिपुरधार में शीघ्र सिविल अस्पताल खोले जाने की घोषणा की, जिससे आसपास की पंचायतों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, स्थानीय लोगों की बस स्टैंड की मांग पर उन्होंने कहा कि जनता उपयुक्त भूमि का चयन करे, सरकार इस पर शीघ्र कार्रवाई करेगी।

    सरकार कर रही है संतुलित क्षेत्रीय विकास
    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों में समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हरिपुरधार क्षेत्र की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और विभागों से भी सहयोग करने को कहा।

    सम्मान समारोह और सांस्कृतिक श्रद्धा
    इससे पूर्व विनय कुमार ने मां भंगायणी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। मंदिर समिति ने उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष तेजेंद्र कमल, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ, ब्लॉक समिति अध्यक्ष तपेंद्र चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • एसडीएम संगड़ाह ने किया मां भंगाईणी मेले का शुभारंभ, छड़ी यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

    एसडीएम संगड़ाह ने किया मां भंगाईणी मेले का शुभारंभ, छड़ी यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

    संगड़ाह

    मुख्यमंत्री का कार्यक्रम टला, अब विधानसभा उपाध्यक्ष करेंगे समापन समारोह की अगुवाई

    हरिपुरधार में मां भंगाईणी के तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने मंदिर में पूजा अर्चना के बाद किया। छड़ी यात्रा में शामिल होकर उन्होंने विधिवत रूप से मेले की शुरुआत की और खेलकूद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन भी किया।

    सदियों पुरानी परंपरा के साथ शुरू हुआ मेला
    मंदिर से मेला मैदान तक निकाली गई छड़ी यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान मां भंगाईणी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

    मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय नहीं, समापन करेंगे विधायक
    इस बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यक्रम की पुष्टि न हो पाने के कारण 5 मई को मेले का समापन स्थानीय विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे।

    पूर्व में परमार जयंती के नाम से मनाया जाता था यह मेला
    करीब 15 वर्ष पहले तक यह मेला हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की पुण्यतिथि 2 मई से मनाया जाता था। लेकिन स्थानीय लोगों की आस्था को देखते हुए इसका नाम मां भंगाईणी मेला कर दिया गया और अब यह हर वर्ष 3 से 5 मई तक मनाया जाता है।

  • हरिपुरधार और गत्ताधार में बर्फबारी, सिरमौर में ठंड और बिजली संकट से जनजीवन प्रभावित

    हरिपुरधार और गत्ताधार में बर्फबारी, सिरमौर में ठंड और बिजली संकट से जनजीवन प्रभावित

    चूड़धार में ताजा हिमपात , कई इलाकों में बिजली गुल

    सिरमौर: जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। हरिपुरधार, गत्ताधार और आसपास के क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। वहीं, इस बर्फबारी के चलते कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं।

    चूड़धार में भी ताजा बर्फबारी

    सिरमौर के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल चूड़धार में भी 2 इंच से अधिक हिमपात हुआ है। बर्फबारी के कारण जहां क्षेत्र की खूबसूरती में इजाफा हुआ, वहीं कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण कई स्थानों पर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    नाहन में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित

    बर्फबारी और बारिश का असर जिला मुख्यालय नाहन तक देखने को मिला। शहर के यशवंत विहार, धार क्यारी, आईटीआई, तालों और जमटा सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इन इलाकों में सुबह तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई थी, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    तेज आंधी और ट्रिपिंग से बिगड़ी बिजली व्यवस्था

    इस बीच, नाहन बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता दवन सिंह ने जानकारी दी कि तेज आंधी और फीडर ट्रिपिंग के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। उन्होंने बताया कि बिजली की तारें टूटने से समस्या उत्पन्न हुई, हालांकि दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।

    बर्फबारी और बारिश से ठंड में इजाफा

    बर्फबारी के चलते सिरमौर में ठंड और बढ़ गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश ने मौसम को और सर्द बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में और अधिक ठंड पड़ने की संभावना है।

  • सिरमौर में बर्फबारी का असर : एचआरटीसी रूट प्रभावित , लोगों को हो रही परेशानी लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

    सिरमौर में बर्फबारी का असर : एचआरटीसी रूट प्रभावित , लोगों को हो रही परेशानी लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

    जब तक सड़क की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक एहतियात के तौर पर सीमित बस सेवाएं जारी रहेंगी

    राज्य में ताजा बर्फबारी के कारण एचआरटीसी के 156 बस रूट बंद हो चुके हैं। शनिवार को भी यह बस रूट बहाल नहीं हो पाए। इनकी संख्या शुक्रवार को 134 थी तो शनिवार को यह बढक़र 156 पर पहुंच गई। ऊपरी शिमला के लिए अभी भी बसों का संचालन नहीं हो पाया है। शिमला ग्रामीण के 22 बस रूट पूरी तरह से प्रभावित हैं, जिनके लिए बसें नहीं भेजी गईं। तो वहीँ सिरमौर में भी बर्फ बारी से काफी रूट प्रभावित है।

    सिरमौर में बर्फबारी से परिवहन व्यवस्था बाधित

    सिरमौर जिले के ऊपरी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी और बारिश के कारण एचआरटीसी के कई रूट प्रभावित हो रहे हैं। खासतौर पर हरिपुरधार क्षेत्र की ओर जाने वाली बस सेवाएं नियमित रूप से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इससे जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

    हरिपुरधार क्षेत्र के रूट पर विशेष असर

    अंतरराज्यीय बस अड्डा नाहन के प्रभारी नासिर मोहम्मद ने बताया कि बर्फबारी के चलते हरिपुरधार क्षेत्र की तरफ जाने वाली निगम की दो बसें अपनी निर्धारित सेवाएं पहले हिमपात से ही नहीं दे पा रही हैं। इसके अलावा, कुछ अन्य रूट भी बाधित हो गए हैं, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

    फिसलन और दुर्घटनाओं का अंदेशा

    बर्फबारी के बाद हरिपुरधार क्षेत्र की सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए बस चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल सुरक्षित सड़कों पर ही बसों का संचालन करें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। प्रबंधन ने इस बात पर जोर दिया है कि चालकों को सड़कों की स्थिति के अनुसार बस संचालन के लिए निर्देशित किया गया है।

    यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

    बर्फबारी के कारण न केवल निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी दैनिक आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन ने कहा है कि जब तक सड़क की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक एहतियात के तौर पर सीमित बस सेवाएं जारी रहेंगी। बर्फबारी ने सिरमौर जिले की परिवहन व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है, लेकिन एचआरटीसी ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता बरतने की बात कही है। स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

  • हरिपुरधार में आरा मशीन शेड में आग लगी, लाखों का नुकसान

    हरिपुरधार में आरा मशीन शेड में आग लगी, लाखों का नुकसान

    Himachalnow/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार बाजार में चल रहे आरा मशीन शेड में अचानक आग भड़क गई। इस अग्निकांड में शेड में रखी मशीनरी के साथ आटा पीसने की चक्की, ख़राद, पिंजा व मोटर व शाफ्ट आदि सामान भी पूरी तरह से नष्ट हो गया है। इस घटना से आरा मशीन के मालिक बलवीर ठाकुर को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

    घटना मंंगलवार देर रात की है। जब लोग गहरी नींद में सोये हुए थे. इस बीच तड़के 3ः00 बजे के आसपास पड़ोस में रहने वाले सुंदर सिंह की नींद खुली तो उन्होंने आराम मशीन शेड में आग भड़की देखी। आग ने पूरे लकड़ी के पूरे शेड को अपनी चपेट में लिया था।इसकी सूचना उन्होंने पड़ोसियों के साथ साथ आरा मशीन के मालिक को दी।

    लोग एकत्रित हुए और पानी की बाल्टियां लेकर आग बुझाने के प्रयास किए। आग तब तक इतनी भड़क गई कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।बलवीर ठाकुर ने इसकी जानकारी पुलिस को भी दी। उन्होंने बताया कि आरा मशीन लकड़ी के एक शेड में बनी हुई थी।शेड में आग लगने से आटा पीसने की चक्की समेत अन्य मशीनरी को भी भारी क्षति हुई है। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

    फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बलवीर ने सरकार से मुआवजा देकर उनके नुकसान की भरपाई की करने की मांग की है। उधर, नायब तहसीलदार हरिपुरधार संतोष कुमारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है।नुकसान का जायजा लेने के लिए पटवारी को मौके पर भेजा गया है।

  • हरिपुरधार में युवक की गहरी ढांक में गिरने से मौत, प्रशासन की ओर से फौरी राहत नहीं

    हरिपुरधार में युवक की गहरी ढांक में गिरने से मौत, प्रशासन की ओर से फौरी राहत नहीं

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर की उपतहसील हरिपुरधार में 30 साल के एक युवक की गहरी ढांक में गिरने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान मनीष कुमार उर्फ मिंटू निवासी रनवा के तौर पर हुई है। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक मनीष हरिपुरधार से पैदल चलकर अपने गांव की ओर जा रहा था।हरिपुरधार से करीब आधा किलोमीटर दूर कालामोड़ के समीप अचानक उसका पैर फिसल गया और वह करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस घटना में मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।

    मनीष बद्दी की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। ग्रामीणों को जब घटना का पता चला तो गांव के लोग तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। मृतक का शव खाई में ऐसी खतरनाक ढांक में फंसा हुआ था, जिसे निकालने में ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

    सोमवार देर रात जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर कोई आर्थिक मदद नहीं की गई।प्रशासन के इस रवैये से ग्रामीणों में खासी नाराजगी भी है। पंचायत प्रधान मदन राणा ने नायब तहसीलदार हरिपुरधार से पीड़ित परिवार को फौरी राहत देने की मांग की है।

    पंचायत प्रधान ने बताया कि नायब तहसीलदार ने ये कहकर आर्थिक मदद देने से मना कर दिया कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती, तब तक वह पीड़ित परिवार को फौरी राहत नहीं दे सकते। नायब तहसीलदार के इस जवाब से नाराज पंचायत प्रधान ने खुद ही आर्थिक मदद देकर पीड़ित परिवार की सहायता की। उधर, नायब तहसीलदार संतोष कुमारी ने कहा कि मृतक के परिजनों को कल फौरी राहत दे दी जाएगी। कहा कि फौरी राहत देने से उन्होंने इनकार नहीं किया है।

  • हरिपुरधार में बस की चपेट में आई महिला, शिमला रेफर

    हरिपुरधार में बस की चपेट में आई महिला, शिमला रेफर

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार में एक महिला को बस की तरफ दौड़ना महंगा पड़ गया। बस की चपेट में आने से महिला घायल हो गई। जिसे सीएचसी हरिपुरधार में प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ ले जाया गया। इसके बाद सोलन और वहां से शिमला रेफर किया गया है।


    जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की एक बस लानी बोराड़ से शिमला की तरफ का रही थी। बस जब हरिपुरधार पहुंची तो जासवी गांव की 80 वर्षीय महिला दुर्गी देवी बस की तरफ दौड़ पड़ीं। इस बीच उसका पैर फिसला और वह बस की चपेट में आ गई। गनीमत ये रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए. इससे महिला टायर के नीचे आने से बच गई। हादसे में महिला के पैर में भारी चोट आई है।


    मौके पर मौजूद लोग दुर्गी देवी को तुरंत सीएचसी हरिपुरधार ले गए. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एंबुलेंस से राजगढ़ रेफर किया गया। इसके बाद महिला को सोलन अस्पताल में उपचार दिया गया। यहां से महिला को शिमला रेफर किया गया है. महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।