Loading...

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पद से दिया इस्तीफा

PARUL • 12 Mar 2024 • 1 Min Read

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ पूरी कैबिनेट ने भी अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में सीएम आवास पर मीटिंग के बाद यह फैसला हुआ। मनोहर लाल के अलावा पूरी कैबिनेट ने सीएम आवास में मीटिंग के बाद राजभवन में राज्यपास से मुलाकात की और फिर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया।

बताया जा रहा है कि सीएम आवास मनोहर लाल ने कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ मीटिंग की और फिर वहां से मनोहर लाल राजभवन के लिए रवाना हुए। अनिल विज भी सीएम की गाड़ी में मौजूद थे। संभावना ये भी जताई जा रही है कि विज हरियाणा के नए सीएम का चेहरा हो सकते हैं। सीएम के साथ साथ अन्य सभी मंत्री भी अपनी-अपनी गाड़ियों में राजभवन पहुंच रिजाइन किया।

उधर, हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी प्रदेश के अगला सीएम बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं। मंगलवार को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण और गठन हो सकता है। इससे पहले बीजेपी और जेजेपी गठबंधन टूटने की चर्चा के बीच चंडीगढ़ में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। बीजेपी ने चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई।

पार्टी आलाकमान की तरफ से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बना कर भेजे गए। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में पार्टी आलाकमान ने बदलाव का मन बना लिया था। इसे देखते हुए बीजेपी विधायक दल की बैठक में नया नेता चुने जाने की बात कही जा रही थी। अब बीजेपी की तरफ से विधायक दल के नए नेता निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।