Loading...

हरे-भरे देवदार के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी, वन विभाग ने…

PRIYANKA THAKUR • 12 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

राजधानी शिमला से सटे गांव बिहार में एक व्यक्ति ने कुछ लोगों के साथ मिलकर देवदार के हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी, जबकि कुछ पेड़ों को काटने की तैयारी चल रही थी। लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर काटी गई लकड़ी को बरामद किया और आगामी कार्यवाही शुरु कर दी। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत लाखों में आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार खलीनी के साथ लगते गांव बिहार के नाले में स्थानीय लोगों के देवता का मंदिर है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मंदिर के साथ लगती जमीन पर देवदार के चार पेड़ बरसात के चलते ढह गए थे। हालांकि यह सभी पेड़ हरे थे। लेकिन गांव का एक व्यक्ति चार मजदूरों को लेकर यहां आया और उसने पेड़ों को काटना शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे और काटी गई लकड़ी कब्जे में ली। विभाग के अनुसार कुल तीन पेड़ों को काट दिया था। इसकी लकड़ी यहां से ले जाने की तैयारी हो रही थी। मौके से एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। उधर, डीएफओ कृष्ण कुमार ने बताया कि मौके से कटी हुई लकड़ी बरामद कर ली है। व्यक्ति पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।