हादसे का शिकार हुई बोलेरो कैंपर, एक की मौत, 4 घायल
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू के उपमंडल आनी में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बोलेरो कैंपर सड़क से नीचे जंगल में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनी में उपचार जारी है। मृतक की पहचान अशोक कुमार (38) पुत्र हरदयाल निवासी पनखड़ आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायलों में राम लाल, शोभा राम, चेत राम और चालक संतोष कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो कैम्पर क्षेत्र के पन्नखड़ आदि गांवों का दूध लेकर आनी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान आनी-चवाई सड़क मार्ग पर चवाई से करीब दो किलोमीटर पहले भांगीडवार के पास चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जंगल में जा गिरी।
हादसे के दौरान वाहन में पांच लोग सवार थे जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य चार घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनी ले जाया गया। सभी लोग स्थानीय बताई जा रहे हैं। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। साथ ही मामला दर्ज कर हादसे के कारणों जांच शुरू की। एसपी डाॅ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने घटना की पुष्टि की है।