हार्डवेयर की दुकान पर चल रहा था ये अवैध धंधा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
15.532 किलोग्राम अफीम के टूटे डोडे किए बरामद, तीन दिन की हिरासत में भेजा आरोपी
HNN/पांवटा साहिब
पुलिस थाना माजरा ने हार्डवेयर की एक दुकान से बड़ी मात्रा में अफीम के टूटे हुए डोडे की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई। जानकारी के मुताबिक माजरा पुलिस की एक टीम गश्त पर तैनात थी।
इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कृष्ण लाल निवासी गांव व डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब की माजरा में स्थित हार्डवेयर की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने व्यक्ति के कब्जे से 15.532 किलोग्राम अफीम के टूटे हुए डोडे बरामद किए। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में ले लिया है।
आरोपी के खिलाफ माजरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि की है। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।