हिमाचल आने वाले पर्यटकों को तोहफा: होटलों में कमरों की बुकिंग पर ऑफ सीजन छूट शुरू
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के होटलों में बुकिंग करवाने वाले सैलानियों को 20 से 40 फीसदी तक छूट दी जाएगी। बता दें कि सैलानियों को रिझाने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने छूट का ऑफर दिया है।
हालांकि अभी भी क्रिसमस और न्यू ईयर के बाद पर्यटकों का हिल्स क्वीन शिमला में जमावड़ा लगा हुआ है और रोजाना भारी तादाद में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। राजधानी शिमला में पर्यटकों की चहलकदमी ऐसी ही बनी रहे इसको लेकर निगम ने होटलों में डिस्काउंट देने का फैसला लिया है।
ऐसे में अगर सैलानी पर्यटन विकास निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग करवाते है तो उन्हें 40 फीसदी छूट दी जाएगी। कुछ होटलों ने 28 फरवरी तो कुछ ने 15 मार्च तक के लिए छूट जारी की है। इसके साथ ही निजी होटलों ने भी होटलों के कमरों की बुकिंग पर छूट दी है।
पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि होटलों में कमरों की बुकिंग पर ऑफ सीजन छूट शुरू हो गई है।